सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्ट, बांका बिहार
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के केशोपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में छत से गिरकर तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतका गांव निवासी साजन दास की पुत्री अंगिका कुमारी थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बच्ची की मौत से मां किरण देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार साजन दास के घर की छत पर जाने के लिए बांस की सीढ़ी लगी हुई थी। रविवार को अंगिका कुमारी खेलते-खेलते बांस की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़ने लगी।
उस समय घर के किसी सदस्य की नजर बच्ची पर नहीं पड़ी। बताया जाता है कि बच्ची जब छत पर पहुंचने ही वाली थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 12 फीट की ऊंचाई से बांस की सीढ़ी से नीचे जमीन पर जा गिरी।
जमीन पर गिरने से बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए शंभूगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि अंगिका एक भाई और एक बहन में सबसे छोटी थी। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार के लोगों का बुरा हाल है। मां किरण देवी बार-बार अपनी बेटी को याद कर बेसुध हो रही थीं। वहीं पिता साजन दास भी घटना से सदमे में हैं। गांव में भी इस हृदयविदारक घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
.png)


