सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
सात जन्मों का बंधन छोड़ दिल्ली में दिल लगा बैठा पति, पत्नी-बेटी को छोड़ रचा ली दूसरी शादी
पति की बेवफाई से आहत पहली पत्नी पहुंची थाना, बोली-‘अब बेटी का क्या होगा
शंभूगंज। सात जन्मों का साथ निभाने का वादा कर शादी के बंधन में बंधे पति का दिल्ली में दिल क्या लगा, उसने पत्नी और मासूम बेटी को ही भुला दिया। दिल्ली की एक युवती से प्रेम के बाद युवक ने पहली पत्नी को बिना बताए दूसरी शादी रचा ली। पति की दूसरी शादी की खबर मिलते ही पहली पत्नी के पैरों तले जमीन खिसक गई। सोमवार को वह अपने ससुर, भाई और अन्य परिजनों के साथ शंभूगंज थाना पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के चौड़ांढ़ गांव निवासी शिवानी कुमारी ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2024 में उसकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से शंभूगंज थाना क्षेत्र के मंझगाय गांव निवासी अरविंद तांती के पुत्र मुकेश तांती के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों का वैवाहिक जीवन ठीक चल रहा था। इस दौरान शिवानी ने एक पुत्री को भी जन्म दिया।
परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण मुकेश रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली चला गया। वहां वह एक कंपनी में काम करने लगा। इसी दौरान उसकी मुलाकात प्रियंका नामक युवती से हुई। शिवानी का आरोप है कि दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और देखते ही देखते दोस्ती प्रेम में बदल गई। दोनों का प्रेम इस कदर परवान चढ़ा कि उन्होंने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं और शादी कर ली।
पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद शिवानी अपने ससुर, भाई और अन्य परिजनों के साथ थाना पहुंची। उसकी आंखों के सामने पति के साथ बिताए सपने और मासूम बेटी का भविष्य सवाल बनकर खड़ा है। पीड़िता ने पुलिस से पति के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है।
थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि महिला की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
.png)





