सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
शंभूगंज में इलाज के दौरान शिक्षिका मिन्नी कुमारी की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
बीमारी के कारण एक पैर गंवाने के बावजूद पूरी निष्ठा से निभाती रहीं शिक्षिका का दायित्व, अचानक चक्कर आने से हुई मौत
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के कुर्माडीह कन्या विद्यालय में प्रतिनियुक्त शिक्षिका मिन्नी कुमारी की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, मिन्नी कुमारी पिछले कई वर्षों से शुगर की बीमारी से ग्रसित थीं। बीमारी के कारण उनका एक पैर भी काटना पड़ा था। इसके बाद से वह काफी अस्वस्थ रहने लगी थीं। इसके बावजूद उन्होंने कभी अपनी बीमारी और शारीरिक परेशानी को कर्तव्य के आड़े नहीं आने दिया। वह नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर बच्चों को पढ़ाती थीं और अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करती थीं।
![]() |
| मृतक शिक्षिका की फाइल फोटो |
बताया गया कि शिक्षिका मिन्नी कुमारी मूल रूप से शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के हस्तिनापुर गांव की निवासी थीं। वह प्राथमिक विद्यालय हस्तिनापुर में पदस्थापित थीं। अधिक अस्वस्थ रहने के कारण उन्हें सीएचसी शंभूगंज के नजदीक स्थित कुर्माडीह कन्या विद्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया था। एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद वह विद्यालय में नियमित रूप से पहुंचती थीं और बच्चों के बीच शिक्षा का दीप जलाने में जुटी रहती थीं।
मिन्नी कुमारी, पति धर्मेंद्र कुमार सिंह, अपने पीछे एक पुत्री और दो पुत्र समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके तीनों बच्चे अभी अविवाहित हैं। शिक्षिका की असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके निधन से शिक्षकों और ग्रामीणों में भी शोक की लहर है।
इधर, शिक्षिका के निधन पर प्रभारी बीईओ भूपेंद्र सिंह, मध्य विद्यालय शंभूगंज के प्रधानाध्यापक सह डीडीओ रघुनंदन सिंह, कन्या प्राथमिक विद्यालय कुर्माडीह की प्रधानाध्यापक सुमन कुमारी, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सच्चिदानंद सिंह, प्रधानाध्यापक पंकज कुमार सिंह, शिक्षक संघ के सचिव बालेश्वर कुमार, गोपी कांत मिश्रा, मनोज कुमार सिंह, पूर्व शिक्षक निर्मल कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। शिक्षकों ने कहा कि मिन्नी कुमारी का निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की।
.png)






