कुणाल शेखर ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर बिहार
खेत में तिरंगा लहराकर किसानों ने दिया देशभक्ति का संदेश
धान रोपनी के दौरान रघुचक अन्हार के किसानों ने खेत में किया झंडोत्तोलन, देशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
पूरे देश में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। चारों ओर आजादी के जश्न और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। इसी बीच भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत रघुचक अन्हार गांव से देशभक्ति की अनूठी और खूबसूरत तस्वीर सामने आई। यहां गांव के किसानों ने अपने खेत में तिरंगा फहराकर पूरे देश को आजादी के पर्व की शुभकामनाएं दीं।
धान रोपनी के दौरान खेत में जुटे किसानों ने बड़े ही उत्साह और जोश के साथ तिरंगा लहराया। खेत में झंडोत्तोलन के बाद किसानों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारे लगाए। इस दौरान किसानों के चेहरे पर देशप्रेम और आजादी के पर्व को लेकर उत्साह साफ झलक रहा था।
किसानों ने कहा कि देश की आन, बान और शान तिरंगा है। खेत में दिन-रात मेहनत करने वाले किसान भी देश की तरक्की में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेत में तिरंगा फहराकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया गया है।
किसानों की इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस के जश्न को और खास बना दिया। खेतों के बीच लहराता तिरंगा ग्रामीण भारत की देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की खूबसूरत तस्वीर पेश करता नजर आया। किसानों का यह जज्बा और देशप्रेम लोगों के लिए प्रेरणादायी बना हुआ है।
.png)


