प्रीतम सुमन क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
बादशाहगंज चौक पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार घायल, हालत खतरे से बाहर
बांका जिले के अमरपुर-शाहकुंड मुख्य पथ पर बादशाहगंज चौक के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे युवा समाजसेवी बिपिन कुमार ठाकुर ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर पंकज कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
घायल की पहचान डोमो कुमारपुर गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। अस्पताल में इलाज के दौरान मनीष ने बताया कि वह अपने गांव से दवा लाने के लिए अमरपुर होते हुए भागलपुर जा रहा था। इसी दौरान बादशाहगंज चौक के पास शाहकुंड की ओर से तेज गति से आ रही बोलेरो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
घटना के संबंध में समाजसेवी बिपिन कुमार ठाकुर ने कहा कि अमरपुर प्रखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं। उन्होंने परिवहन विभाग और प्रशासन से सघन वाहन जांच अभियान चलाने, तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उधर, रेफरल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि घायल का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है और उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।
.png)




