प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, चार घंटे में पुलिस ने किया मामले का खुलासा
बांका जिले के अमरपुर भदरिया पंचायत के राजापुर गांव स्थित शिव मंदिर के समीप से चोरी हुई बाइक के मामले का अमरपुर पुलिस ने महज चार से पांच घंटे में उद्भेदन कर दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की बाइक के साथ एक युवक को रायपोखर के समीप से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी संजय शर्मा के पुत्र नितेश कुमार के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सोमवार की देर रात भदरिया गांव निवासी रूपेश कुमार ने थाने में सूचना दी कि शिव मंदिर के समीप खड़ी उनकी एफजेड बाइक अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहन जांच शुरू कर दी और बाइक की बरामदगी के लिए छापेमारी अभियान चलाया।
इसी दौरान रायपोखर के समीप एक युवक बाइक लेकर तेज गति से भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक बाइक के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने बाइक जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया।
बाइक की पहचान के लिए पुलिस ने पीड़ित रूपेश कुमार को थाने बुलाया। थाने पहुंचकर उन्होंने बरामद बाइक को अपनी बाइक के रूप में पहचान लिया। पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
.png)




