सूरजकांत ,ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिले आरएलएम नेता हिमांशु पटेल, त्वरित कार्रवाई की मांग
धामू पटेल हत्याकांड को लेकर आक्रोश, पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता भी दी
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया प्रखंड अंतर्गत श्रीसिया अड्डा गांव निवासी धामू पटेल की कुछ दिन पूर्व हुई हत्या के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता हिमांशु पटेल के नेतृत्व में अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा एवं समाजसेवियों की टीम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि सामंती मानसिकता वाले अपराधियों ने धामू पटेल की हत्या कर दी। पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक बेतिया एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेतिया से बातचीत कर मामले में अविलंब कार्रवाई करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामले में दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
इस दौरान अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। हिमांशु पटेल ने कहा कि संकट की इस घड़ी में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। न्याय दिलाने के लिए हरसंभव स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
मौके पर नवीन पटेल, प्रवीण सिंह पटेल, समाजसेवी बिट्टू पटेल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष गुप्ता, समाजसेवी शैलेश पटेल, संजय पटेल, सुभाष पटेल समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
.png)




