सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
मिठाई दुकानों में खाद्य निरीक्षक की जांच, खुले में मिठाई मिलने पर दुकानदारों को फटकार
रक्षाबंधन को लेकर आधा दर्जन दुकानों की हुई जांच, एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर तत्काल हटाने का निर्देश
रक्षाबंधन पर्व को लेकर मिठाइयों में मिलावट पर रोक लगाने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को शंभुगंज बाजार में खाद्य निरीक्षक परमेंद्र कुमार ने करीब आधा दर्जन मिठाई दुकानों की जांच की। यह कार्रवाई जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर की गई। जांच के दौरान खाद्य निरीक्षक ने दुकानदारों को साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और गुणवत्ता को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जांच के दौरान कई मिठाई दुकानों में खाद्य सामग्री खुले में रखी मिली। इस पर खाद्य निरीक्षक ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए मिठाइयों को हमेशा ढककर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खुले में रखी मिठाइयों पर धूल, गंदगी और कीटाणु पड़ने से खाद्य सामग्री दूषित हो सकती है। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग मिठाइयों की खरीदारी करते हैं, ऐसे में दुकानदारों की जिम्मेदारी है कि ग्राहकों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं।
वहीं, सुरेश मिठाई दुकान सहित अन्य दुकानों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं मिलने पर खाद्य निरीक्षक ने नाराजगी जताई। उन्होंने दुकानदारों को फटकार लगाते हुए दुकान और आसपास के परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के आसपास गंदगी रहने से कई तरह की बीमारियां फैल सकती हैं। इसलिए दुकान में मिठाई बनाने से लेकर उसे बिक्री के लिए रखने तक स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
जांच के दौरान एक दुकान में एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी मिली। खाद्य निरीक्षक ने दुकानदार को उक्त सामग्री तत्काल दुकान से बाहर फेंकने का निर्देश दिया। साथ ही भविष्य में एक्सपायरी सामग्री की बिक्री या भंडारण नहीं करने की चेतावनी दी।
खाद्य निरीक्षक परमेंद्र कुमार ने दुकानदारों से कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व के दौरान खाद्य सामग्री की मांग बढ़ जाती है। इसका लाभ उठाकर गुणवत्ता से समझौता करना या मिलावटी सामग्री बेचना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
मौके पर अस्पताल प्रभारी डॉ. अजय शर्मा, प्रबंधक अमित कुमार पंकज सहित अन्य लोग मौजूद थे। जांच की कार्रवाई से मिठाई दुकानदारों में दिनभर हड़कंप की स्थिति बनी रही।
.png)






