कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट ,भागलपुर बिहार
सूने घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, 65 हजार नकद समेत सामान ले उड़े चोर
भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र के नया टोला पकड़ा वार्ड संख्या-3 में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित रवि कुमार सिंह ने नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, वह पांच अगस्त की रात करीब दो बजे अपने पूरे परिवार के साथ पटना गए थे। अगले दिन सुबह करीब नौ बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पीछे का दरवाजा खुला मिला, जबकि मुख्य ताला टूटा हुआ था। इससे उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
रवि कुमार सिंह ने बताया कि चोर घर से दो एलसीडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा, मिक्सी, कपड़े, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक से संबंधित कागजात तथा बक्से में रखे 65 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा कई अन्य घरेलू सामान भी चोरी किए गए हैं। चोरी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने अपने स्तर से आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की प्राथमिकी दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा घटना में शामिल चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
.png)



