कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर बिहार
नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी टॉप-10 अपराधी रोशन कुमार गिरफ्तार
भागलपुर जिला के नवगछिया पुलिस ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी रोशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है, क्योंकि वह लंबे समय से हत्या, लूट और अन्य संगीन मामलों में फरार चल रहा था।
नवगछिया के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रोशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भवानीपुर थाना क्षेत्र स्थित जे.पी. कॉलेज के समीप घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियार के आधार पर भवानीपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत एक नया मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रोशन कुमार गोपालपुर थाना क्षेत्र का निवासी है और उसके विरुद्ध हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
.png)



