Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : आकाशीय बिजली गिरने से छात्र, मजदुर समेत तीन की मौत, मचा कोहराम

 सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर , बांका (बिहार)

बदले मौसम का कहर : बांका में आकाशीय बिजली गिरने से छात्र, मासूम और मजदूर समेत तीन की मौत

बांका जिले में बुधवार की दोपहर अचानक बदले मौसम ने तीन परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। हल्की बारिश और गरज-चमक के बीच जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से एक छात्र, एक मासूम बालक और एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद प्रभावित गांवों में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, धनकुंड थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी 36 वर्षीय गणेश राय खेत में धान का बिचड़ा लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद किसानों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। गणेश राय दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं।

दूसरी घटना रजौन प्रखंड के खैरा गांव स्थित स्टेडियम के समीप हुई, जहां हल्की बूंदाबांदी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 17 वर्षीय छात्र सन्नी कुमार की मौत हो गई। वह धनसार गांव निवासी मनोज यादव का पुत्र था। घटना के समय वह स्टेडियम के समीप मौजूद था, तभी वज्रपात की चपेट में आ गया।

वहीं तीसरी घटना कटोरिया प्रखंड की मौथाबारी पंचायत अंतर्गत जुगलीरायकुरा गांव में हुई। यहां घर के समीप क्रिकेट खेल रहे 8 वर्षीय मो. इसान अंसारी पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। गंभीर झटका लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

तीनों घटनाओं की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |