प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका ,बिहार
जमीन विवाद में पति-पत्नी पर हमला, दोनों घायल; गंभीर हालत में पति बांका रेफर
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के विश्वासपुर गांव में शुक्रवार को पुराने जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पति की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बांका रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान विश्वासपुर निवासी रामानंद शर्मा एवं उनकी पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है। रेफरल अस्पताल में डॉ. पंकज कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार रामानंद शर्मा को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उन्हें तत्काल रेफर करना पड़ा।
अस्पताल में उपचाररत रीना देवी ने बताया कि उनका पुत्र बाहर रहकर नौकरी करता है और घर पर वह अपने पति के साथ रहती हैं। शुक्रवार को उनके पति खेत पर काम करने गए थे। आरोप है कि गांव के ही रामाशंकर शर्मा, शिवशंकर शर्मा एवं उनके अन्य परिजन पहले से घात लगाए बैठे थे। खेत पहुंचते ही सभी ने मिलकर उनके पति पर हमला कर दिया।
रीना देवी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर जब वह अपने पति को बचाने पहुंचीं तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपित काफी समय से उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और इसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस विश्वासपुर गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है तथा प्राप्त आवेदन और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.png)


