सूरजकांन्त ,ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
तेज प्रताप की गिरफ्तारी पर तेजस्वी का अल्टीमेटम, रिहाई नहीं हुई तो बिहार में होगा महाआंदोलन
बिहार विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र के समाप्त होते ही विदेश (यूरोप) दौरे से लौटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पटना पहुंचते ही पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सोमवार तक तेज प्रताप यादव और आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी छात्रों को रिहा नहीं किया गया, तो विपक्ष पूरे बिहार में व्यापक आंदोलन करेगा।
तेजस्वी यादव ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि NEET पेपर लीक मामले के विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों और नेताओं पर दर्ज सभी मुकदमे भी तत्काल वापस लिए जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे छात्रों और विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर सरकार ने कार्रवाई नहीं की, तो विपक्ष सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा और राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। तेजस्वी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना सभी का अधिकार है और सरकार को दमनकारी रवैया छोड़ना चाहिए।
गौरतलब है कि विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान तेजस्वी यादव विदेश यात्रा पर थे, जिसे लेकर सत्ता पक्ष ने उन पर 'लापता' रहने और 'पार्ट-टाइम पॉलिटिशियन' होने जैसे आरोप लगाए थे। इसी बीच पटना में NEET पेपर लीक के विरोध में आयोजित छात्र प्रदर्शन में शामिल होने पर जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया। अब तेजस्वी यादव के आंदोलन के ऐलान से राज्य की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट बढ़ गई है।
.png)



