कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,भागलपुर
टोल प्लाजा के समीप नशेड़ी चोर धराया, ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर पुलिस को सौंपा
भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह एक कथित नशेड़ी चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना टोल प्लाजा के समीप बाइपास मुख्य सड़क की है, जहां ग्रामीणों ने सरकारी सामग्री के साथ एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर उसे बिजली के खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।
पकड़े गए युवक की पहचान जिछो गांव निवासी स्वर्गीय छतीश यादव के पुत्र रौशन यादव के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में इन दिनों नशे की लत में पड़े कुछ युवक अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए बकरी, खस्सी तथा अन्य सामानों की लगातार चोरी कर रहे हैं। बताया गया कि बीती रात जिछो गांव के वार्ड संख्या आठ निवासी शेखर की खस्सी की रस्सी काटकर चारपहिया वाहन से आए चोर फरार हो गए थे, जिससे लोगों में पहले से ही भारी आक्रोश था।
बुधवार तड़के करीब 5:30 बजे टोल प्लाजा के पास ग्रामीणों की नजर एक युवक पर पड़ी, जो सरकारी बिजली के खंभे से संबंधित लोहे व एल्यूमीनियम के सामान के साथ अन्य वाहनों में ताक-झांक कर रहा था। शक होने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए और बाद में पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
इस संबंध में लोदीपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
.png)

