प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका बिहार
थाना पहुंचे बांका एसपी, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बुधवार देर रात अमरपुर थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, थाना सिरिस्ता के महत्वपूर्ण अभिलेखों के संधारण, मालखाना और हाजत की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी ने थाना प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति की जांच की तथा रात्रि गश्ती व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए सभी अनुसंधानकर्ताओं को मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।एसपी ने थाना प्रबंधन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने आमजनों से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र एवं निष्पक्ष निपटारा करने के निर्देश भी दिए, ताकि पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
निरीक्षण के दौरान अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। एसपी के औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ी और अधिकारियों को बेहतर कार्य निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हुए।
.png)



