Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : गीले कपड़े सुखाने के दौरान करंट की चपेट में आई महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका (बिहार)

गीले कपड़े सुखाने के दौरान करंट की चपेट में आई महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के महादेवपुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान महादेवपुर निवासी सुबोद शर्मा की पत्नी रामा देवी के रूप में हुई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर स्नान करने के बाद रामा देवी घर के बाहर लोहे की तार पर गीले कपड़े सुखाने गई थीं। इसी दौरान वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गईं। काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। करीब 20 मिनट बाद परिजनों ने उन्हें तार से चिपका देखा तो डंडे की सहायता से अलग कर तत्काल इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का विलाप गूंज उठा। मृतका की पुत्री चिंकी कुमारी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उनकी करुण पुकार सुन अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

ग्रामीणों ने बताया कि रामा देवी अपने पीछे पति, एक पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनका पुत्र आशीष कुमार बिहार पुलिस में कार्यरत है और शुक्रवार सुबह ही ड्यूटी के लिए आरा गया था। पति सुबोद शर्मा खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद महादेवपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने लोगों से बिजली के तारों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |