Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी सचिन सिंह गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

 प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका ,बिहार 

बलिया डबल मर्डर कांड: मुख्य आरोपी सचिन सिंह रांची से गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली; हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद

बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के चर्चित बलिया दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांड के मुख्य आरोपी सचिन कुमार उर्फ सचिन सिंह को झारखंड के रांची रेलवे स्टेशन स्थित अमृत होटल से गिरफ्तार किया गया। 

वहीं, उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोडेड पिस्टल भी बरामद कर ली गई।

जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया-पड़तल्लो मार्ग पर बाइक सवार धर्मराय गांव निवासी गुंजन कुमार सिंह (34) और सिट्टू कुमार (33) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अमरपुर थाना कांड संख्या-393/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 61(2), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के निर्देश पर मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसआईटी ने तकनीकी, मानवीय एवं पारंपरिक अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी की। घटना के 72 घंटे के भीतर एक अन्य आरोपी सोमनाथ सिंह को बेगूसराय से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। इसके बाद मुख्य आरोपी सचिन सिंह को घटना के पांचवें दिन रांची रेलवे स्टेशन स्थित अमृत होटल से दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने पुरानी रंजिश के कारण हत्या करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की सुबह करीब 4:25 बजे आरोपी को हथियार बरामदगी के लिए उसकी निशानदेही पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने छिपाकर रखी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे तुरंत गिरफ्तार कर सदर अस्पताल, बांका में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे भागलपुर जेएलएनएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया है। जहां उसकी स्थिति नियंत्रण में है। घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोडेड पिस्टल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी सचिन कुमार उर्फ सचिन सिंह, पिता संजय कुमार सिंह, निवासी अठमाहा, थाना अमरपुर का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा, विद्युत अधिनियम तथा अवैध खनन से जुड़े कई गंभीर मामले पूर्व से दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी में अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार, डीआईयू के मनीष कुमार, कन्हैया कुमार, डीआईयू टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |