Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 99 बोतल विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार, बाइक जब्त

 कुणाल शेखर ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर, (बिहार)

अस्पताल चौक पर पुलिस की कार्रवाई: 99 बोतल विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार, बाइक जब्त

भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग स्थित अस्पताल चौक के समीप पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 99 बोतल विदेशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। हालांकि पुलिस को देखते ही शराब तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार झारखंड की ओर से एक युवक मोटरसाइकिल पर विदेशी शराब की खेप लेकर भागलपुर की ओर आ रहा था। अस्पताल चौक के पास पुलिस की मौजूदगी देखकर वह घबरा गया। इसी दौरान उसकी बाइक पुलिस वाहन से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरने के बावजूद तस्कर तत्काल उठकर मौके से फरार हो गया और अपनी मोटरसाइकिल तथा शराब की खेप वहीं छोड़ दी।

घटना के बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 19 लीटर विदेशी शराब की कुल 99 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर जगदीशपुर थाना लाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया कि अस्पताल चौक पर पहले से पुलिस चेक पोस्ट संचालित है, जहां एक दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती रहती है। इसके बावजूद शराब तस्कर वहां तक कैसे पहुंच गया और पुलिस की नजर से बचकर आगे बढ़ता रहा, इस पर लोग सवाल उठा रहे हैं।

जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने 99 बोतल विदेशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। मोटरसाइकिल के पंजीकरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार तस्कर की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |