कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
जमीन की नापी को लेकर खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल
भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में जमीन की नापी को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें एक ही परिवार के पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान महमदपुर निवासी मनोज पासवान एवं उनके पुत्र विकास पासवान के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमीन की नापी के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। इस दौरान मनोज पासवान और विकास पासवान को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को इलाज के लिए जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों तथा मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
.png)



