प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट,बांका बिहार
सहयोग शिविर में गूंजी जनता की आवाज, 30 दिनों में समाधान का भरोस
भदरिया पंचायत में प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया उद्घाटन, अधिकारियों को दी जवाबदेही की चेतावनी
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत तारडीह एवं भदरिया पंचायत के पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। सरकार की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की पहल के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 18 काउंटर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देकर समाधान की मांग की।
तारडीह पंचायत में शिविर का संचालन मुखिया प्रशांत कुमार के नेतृत्व में तथा भदरिया पंचायत में मुखिया निधि नेहा के नेतृत्व में किया गया। भदरिया पंचायत में आयोजित शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, कटोरिया विधायक पुरन लाल टुड्डू, स्थानीय विधायक जयंत राज कुशवाहा, जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला, प्रखंड प्रमुख मंजू देवी एवं मुखिया निधि नेहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जनता मालिक, अधिकारी सेवक : दिलीप जायसवाल
शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि पहले लोगों को म्यूटेशन, आय, आवासीय, पेंशन और अन्य कार्यों के लिए प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का बार-बार चक्कर लगाना पड़ता था। कई बार अधिकारी कागजातों में त्रुटि बताकर लोगों को टाल देते थे। उन्होंने कहा कि जनता ही लोकतंत्र की वास्तविक मालिक है और सरकार जनता की सेवा के लिए है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
विकास और जनसुविधाओं पर हुई चर्चा
जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक आवेदन देने की अपील करते हुए कहा कि सभी आवेदनों का निष्पादन समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। वहीं विधायक जयंत राज कुशवाहा ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने म्यूटेशन एवं ऑनलाइन रजिस्टर-2 में आ रही त्रुटियों को शीघ्र दूर करने की मांग उठाई। साथ ही भदरिया पुरातात्विक स्थल को बौद्ध सर्किट से जोड़ने तथा सावन माह में बाबा ज्येष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने की मांग भी रखी।
इस अवसर पर एडीएम अजीत कुमार, एसडीएम राजकुमार, डीडीसी उपेंद्र कुमार, डीसीएलआर, लघु जल संसाधन विभाग की एसडीओ शिल्पा सोनी, बीडीओ प्रतीक राज, सीओ रजनी कुमारी, बिजली विभाग के एसडीओ अरविंद कुमार सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
.png)




