Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

हाईमास्क लाइटें बनीं शोभा की वस्तु, अंधेरे में डूब रहे नगर पंचायत के वार्ड

 प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

हाईमास्क लाइटें बनीं शोभा की वस्तु, अंधेरे में डूब रहे नगर पंचायत के वार्ड

बांका जिले के अमरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए लाखों रुपये की लागत से लगाई गई हाईमास्क लाइटें अब अपनी उपयोगिता खोती नजर आ रही हैं। कई वार्डों में हाईमास्क लाइट खराब होने के कारण शाम ढलते ही अंधेरा पसर जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड संख्या 9 के बनहारा मुस्लिम मुहल्ला में पिछले एक माह से हाईमास्क लाइट बंद पड़ी है, जबकि वार्ड संख्या 1 में भी दो दिनों से लाइट नहीं जल रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईमास्क लाइट बंद रहने से रात में आवागमन प्रभावित हो रहा है। साथ ही अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने की आशंका भी बनी रहती है। वार्ड संख्या 9 के निवासी मु. असगर अली ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर पंचायत के मुख्य पार्षद एवं उपमुख्य पार्षद को इसकी जानकारी दी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि एक माह से लाइट बंद रहने के बावजूद मरम्मत नहीं होना नगर पंचायत की लापरवाही को दर्शाता है।

मुहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खराब हाईमास्क लाइटों को ठीक नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि उन्हें पूर्व में इसकी जानकारी नहीं थी। सोमवार को शिकायत मिलने के बाद कर्मियों को जांच का निर्देश दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि खराब हाईमास्क लाइटों की शीघ्र मरम्मत कराकर प्रकाश व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |