Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तिलडीहा दुर्गा मंदिर में शनिवार सुबह दर्शन रहेंगे बंद

 सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तिलडीहा दुर्गा मंदिर में शनिवार सुबह दर्शन रहेंगे बंद

बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड स्थित पूर्वी बिहार के प्रसिद्ध हरवंशपुर तिलडीहा दुर्गा मंदिर में शनिवार, 27 जून 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक दिवसीय भ्रमण को लेकर मंदिर प्रशासन एवं जिला प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल के मद्देनजर श्रद्धालुओं के लिए दर्शन एवं पूजा-अर्चना की व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है।

मंदिर न्यास समिति के सचिव एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी द्वारा जारी सूचना के अनुसार शनिवार सुबह 08:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक मंदिर में पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं के दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। इस दौरान किसी भी श्रद्धालु को मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में मंदिर की ओर प्रस्थान न करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि यदि वे शनिवार को दर्शन करना चाहते हैं तो सुबह 08:00 बजे से पहले मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर लें। अन्यथा उन्हें दोपहर 01:30 बजे के बाद ही मंदिर परिसर में प्रवेश मिलेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोपहर 01:30 बजे के बाद मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना पूर्व की तरह सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के साथ प्रवेश एवं आवागमन पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और कहा है कि सभी श्रद्धालु प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |