सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
बांका में निगरानी का बड़ा एक्शन: जमीन सर्वे के नाम पर घूस लेते अमीन गिरफ्तार, भ्रष्ट तंत्र में हड़कंप
बांका जिले में निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने चांदन अंचल में जमीन सर्वे के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में एक अमीन को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए सर्वे अमीन आदित्य कुमार है। इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, चांदन अंचल क्षेत्र में जमीन सर्वे से संबंधित कार्य कराने के बदले अमीन द्वारा एक व्यक्ति से रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी अमीन को घूस की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई। अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी की भूमिका और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही बांका जिले में विद्युत विभाग के एक एसडीओ विजेन्द्र कुमार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। लगातार दो दिनों में हुई इन बड़ी कार्रवाइयों ने जिले के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। वहीं प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्य के लिए रिश्वत मांगे जाने पर इसकी सूचना संबंधित एजेंसियों को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
.png)






