प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
घर के आगे कूड़ा फेंकने के विवाद में मारपीट, महिला समेत तीन घायल
बांका अमरपुर थाना क्षेत्र के सादपुर गांव में घर के आगे कूड़ा फेंकने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया।
जानकारी के अनुसार, घायल सुजाता देवी, उनके पति अजय कुमार तथा भाई विकास शर्मा को चोटें आई हैं। अस्पताल में उपचाररत सुजाता देवी ने बताया कि उनके पड़ोसी राजा कुमार ने जबरन उनके घर के सामने कूड़ा फेंक दिया। इसका विरोध करने पर राजा कुमार, गुलशन कुमार एवं उनके अन्य परिजनों ने कथित तौर पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके शोर मचाने पर बीच-बचाव के लिए पहुंचे पति अजय कुमार और भाई विकास शर्मा पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडे से प्रहार कर दिया, जिससे वे भी घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुजाता देवी ने बताया कि मामले को लेकर अमरपुर थाना में लिखित आवेदन दिया जाएगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.png)



