कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
टूटे बिजली तार ने छीनी जिंदगी: करंट लगने से पांच बच्चों के पिता की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर ममलखा गांव में करंट लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान महेंद्र मंडल के 40 वर्षीय पुत्र सोनू मंडल के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
जानकारी के अनुसार, गांव में मकई का बोझा ले जाने के दौरान घर के समीप से गुजर रहा बिजली का तार टूट गया था, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और अंधेरा छा गया। इसी बीच सोनू मंडल टूटे हुए बिजली तार को जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। तभी अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए। जोरदार झटका लगने से वह जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें भी आईं।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, मायागंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बरारी पुलिस कैंप की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
मृतक के पिता महेंद्र मंडल ने बताया कि सोनू मंडल ही पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पांच छोटे बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। अचानक हुई इस घटना से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोनू मंडल की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की मांग प्रशासन से की है।
.png)


