Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : मक्का खेत में वज्रपात का कहर: मां-बेटी की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

 कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,भागलपुर

मक्का खेत में वज्रपात का कहर: मां-बेटी की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

भागलपुर जिले के एकचारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खवासपुर पंचायत के बड़ी चटाइयां गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान लालू मंडल की 40 वर्षीय पत्नी पूनम देवी और उनकी 16 वर्षीय पुत्री सुप्रिया कुमारी के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, पूनम देवी अपनी पुत्री सुप्रिया के साथ लक्ष्मीनियां गांव स्थित अपने खेत में मक्का काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। खेत में काम कर रही मां-बेटी कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही ठनका उनके ऊपर आ गिरा। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतका के पति लालू मंडल मुंबई में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ग्रामीणों ने बताया कि पूनम देवी और सुप्रिया मिलनसार स्वभाव की थीं। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |