प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
33 हजार लाइन में बार-बार फॉल्ट से अमरपुर की बिजली व्यवस्था चरमराई, उपभोक्ताओं में बढ़ा आक्रोश
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड में 33 हजार वोल्ट विद्युत लाइन में लगातार आ रहे फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति अनवरत बाधित हो रही है। इससे आम उपभोक्ताओं में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को सुबह करीब सात बजे 33 हजार लाइन में तकनीकी खराबी आने से पूरे प्रखंड की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होते ही पेयजल संकट सहित दैनिक जीवन से जुड़ी अनेक समस्याएं खड़ी हो गईं। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विभागीय कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दोपहर करीब तीन बजे फॉल्ट की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की, लेकिन कुछ ही देर बाद बारिश के कारण फिर लाइन में खराबी आ गई और आपूर्ति दोबारा बाधित हो गई। बार-बार बिजली कटने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ, जबकि छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, बीमार बुजुर्गों की देखभाल और छोटे बच्चों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली बाधित होने पर जब विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है तो अधिकांश मामलों में फोन तक नहीं उठाया जाता। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ जाती है। लोगों ने कहा कि अमरपुर में प्रमंडलीय विद्युत कार्यालय होने के बावजूद उपभोक्ताओं को नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली नहीं मिल रही है।
क्षेत्रवासियों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से 33 हजार लाइन में बार-बार आ रहे फॉल्ट के मूल कारणों की स्थायी जांच कराने, जर्जर तारों एवं दोषपूर्ण उपकरणों को बदलने तथा बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार की परेशानी से राहत मिल सके।
.png)



