प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका (बिहार)
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के भिखनपुर गांव में सल्फास की गोली (जहर) खाने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी मनोज मंडल के पुत्र रमन कुमार (18) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि रमन की मानसिक स्थिति पिछले एक वर्ष से ठीक नहीं थी और उसका इलाज भागलपुर के एक निजी क्लिनिक में चल रहा था। मंगलवार देर रात मानसिक तनाव से परेशान होकर उसने फसलों में इस्तेमाल होने वाली कीटनाशक दवा सल्फास खा ली। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
बांका सदर अस्पताल में स्थिति गंभीर देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया। भागलपुर ले जाने के दौरान अमरपुर सीमा के पास युवक की हालत और बिगड़ गई। परिजन उसे वापस अमरपुर रेफरल अस्पताल ले आए, जहां डॉ. रोहित चंचल ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में शोक का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सल्फास सेवन के मामले में सीधे उच्चस्तरीय अस्पताल रेफर नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
.png)



