Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत

 कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर 

दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में पसरा मातम

भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा शराब फैक्ट्री के समीप उस समय हुआ, जब रजौन से आ रही एक ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में ऑटो सवार सूरज कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक सूरज कुमार यादव बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के धनसार गांव का निवासी था। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरज किसी घरेलू सामान की खरीदारी के लिए जगदीशपुर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे ट्रक ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल किशोर को तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जगदीशपुर पहुंचाया। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखते ही पिता विजय यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य दहाड़ मारकर रो पड़े। बताया जाता है कि सूरज दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रजौन थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |