सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
शंभूगंज के एसएसपीएस कॉलेज में शुरू होगी बीसीए और बीबीए की पढ़ाई
शंभूगंज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। शंभूगंज स्थित एसएसपीएस महाविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र से बीसीए और बीबीए कोर्स की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। महाविद्यालय प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिवाकर पंजिकार ने जानकारी देते हुए बताया कि बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) एवं बीबीए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) पाठ्यक्रम में नामांकन प्रक्रिया आगामी एक जुलाई से प्रारंभ होगी। उन्होंने कहा कि बदलते समय में तकनीकी एवं प्रबंधन शिक्षा की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की शुरुआत करने का निर्णय लिया है।
प्राचार्य ने बताया कि दोनों कोर्स के संचालन के लिए आवश्यक संसाधन, कक्षाएं तथा शिक्षकों की व्यवस्था की जा रही है। कंप्यूटर लैब को भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
कॉलेज में बीसीए और बीबीए की पढ़ाई शुरू होने से शंभूगंज एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा। अब छात्रों को भागलपुर, बांका या अन्य शहरों में जाकर महंगे खर्च पर पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही उन्हें रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक छात्रों एवं अभिभावकों से समय पर नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। इस घोषणा के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
.png)




