प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका बिहार
छठ घाट निर्माण में धांधली का आरोप, वार्डवासियों ने किया प्रदर्शन
बांका जिले के अमरपुर नगर पंचायत में विकास योजनाओं में कथित अनियमितताओं का मामला लगातार सामने आ रहा है। ताजा मामला वार्ड संख्या पांच बनियाचक स्थित शिव मंदिर परिसर में निर्माणाधीन छठ घाट से जुड़ा है,
जहां घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग और प्राक्कलन की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने विभाग एवं संवेदक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जांच की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना सूचना पट्ट लगाए निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे योजना की लागत और प्राक्कलन की जानकारी लोगों को नहीं मिल पा रही है। वार्डवासी गुणाधर साह, झारू पोद्दार, मुन्ना मंडल, बमबम मंडल सहित अन्य लोगों ने बताया कि पोखर में बनने वाले सीढ़ी घाट को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह था, लेकिन संवेदक की मनमानी से लोगों में नाराजगी फैल गई है।
लोगों का कहना है कि निर्माण में आठ एमएम की छड़, घटिया ईंट व सीमेन्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही सीढ़ी घाट को पानी की सतह से करीब तीन फीट ऊपर बनाया जा रहा है, जिससे छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
.png)


