Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : बाथ थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना की भेंट चढ़ी विवाहिता, संदिग्ध मौत ,हत्या का आरोप

 कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर 

दहेज प्रताड़ना की भेंट चढ़ी विवाहिता, संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी

भागलपुर जिले के बाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्टीकरी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान पूजा कुमारी, पति मुनेश्वर कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार पूजा कुमारी की शादी वर्ष 2013 में कस्टीकरी गांव निवासी मुनेश्वर कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मायके पक्ष का आरोप है कि पूजा को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था तथा अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे। पूजा मूल रूप से मुंगेर जिले के खड़कपुर तेगड़ा, थाना खरगापुर की रहने वाली थी।

परिजनों ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पूर्व भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलानी पड़ी। पंचायत में समझौते के तहत बाउंड्री निर्माण को लेकर सहमति बनी थी। इस संबंध में तैयार किए गए बॉन्ड की कॉपी भी मृतिका के परिजनों के पास मौजूद है। परिजनों का कहना है कि पंचायत के बाद भी पूजा को प्रताड़ित किया जा रहा था।

मृतिका अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गई है। घटना के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि पूजा की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि यह लगातार हो रही प्रताड़ना का परिणाम है। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही बाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |