कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
पिकअप चालकों से लूट मामले का खुलासा, तीन अपराधी हथियार सहित गिरफ्तार
भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना पुलिस ने पिकअप चालकों से लूटपाट मामले का त्वरित खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से देशी कट्टा और लूट की नकद राशि भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार खरीक थाना को सूचना मिली थी कि गोड़ हरियो मोड़ के समीप 2-3 अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर दो पिकअप चालकों से लूटपाट की गई है। घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सबसे पहले बबलू कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। वह गणेशपुर गांव, थाना खरीक, जिला भागलपुर का निवासी बताया गया है। उसके पास से 850 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की तथा उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल दो अन्य अपराधियों दिलखुश कुमार और राहुल कुमार को भी धर दबोचा। दोनों आरोपी भी गणेशपुर गांव के ही रहने वाले बताए गए हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा तथा लूट की 1500 रुपये नकद राशि बरामद की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। मामले में खरीक थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने नवगछिया पुलिस की तत्परता की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
.png)


