कुणाल शेखर APP न्यूज ,ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
सुल्तानगंज शूटआउट का काला अध्याय: जख्म नहीं सह सके सभापति राजकुमार गुड्डू, इलाज के दौरान मौत
सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुए चर्चित शूटआउट कांड का शनिवार को दुखद अंत हो गया। गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल नगर परिषद सभापति राजकुमार “गुड्डू” ने पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही सुल्तानगंज शहर में मातम पसर गया। हर आंख नम दिखी और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि करीब 12 दिन पूर्व नगर परिषद कार्यालय परिसर में दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज गोलीकांड में अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि कार्यपालक पदाधिकारी को भी गोली लगी थी। घटना के बाद दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कार्यपालक पदाधिकारी की मौत पहले ही हो चुकी थी, जबकि राजकुमार गुड्डू जिंदगी और मौत के बीच लगातार संघर्ष कर रहे थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उनके इलाज में जुटी थी। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
राजकुमार गुड्डू सुल्तानगंज की राजनीति और सामाजिक जीवन का एक लोकप्रिय चेहरा माने जाते थे। वे अपनी मिलनसार छवि, सक्रियता और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर हमेशा चर्चा में रहते थे। नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर भी उनकी अलग पहचान थी। उनके असामयिक निधन से नगर परिषद की राजनीति में बड़ी रिक्तता पैदा हो गई है।
निधन की खबर मिलते ही समर्थकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ अस्पताल और उनके आवास पर उमड़ पड़ी। लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
बाबा अजगैवीनाथ की नगरी सुल्तानगंज में शोक का माहौल है। लोग दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल देने की प्रार्थना कर रहे हैं।
.png)




