APP न्यूज नेटवर्क ,कटिहार बिहार
प्रेम प्रसंग में घर छोड़ने वाली बेटी का पिता ने किया प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार, गांव में निकाली अर्थी
बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत चंदवा पंचायत के खुदना गांव से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने प्रेम प्रसंग में घर छोड़कर चली गई अपनी बेटी के परिवार को पहचानने से इनकार करने के बाद उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ समय पूर्व गांव की एक युवती घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया। बताया जाता है कि बरामदगी के बाद युवती ने अपने माता-पिता और अन्य परिजनों को पहचानने से साफ इनकार कर दिया। बेटी के इस रवैये से परिवार गहरे सदमे में आ गया।
घटना से आहत परिजनों ने समाज और ग्रामीणों की मौजूदगी में युवती से अपने सभी रिश्ते समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद गांव में एक अनोखा और भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। परिजनों ने युवती के नाम का एक पुतला तैयार कराया, जिसे अर्थी पर लिटाकर पूरे गांव में अंतिम यात्रा निकाली गई। ग्रामीणों की मौजूदगी में शोकसभा जैसी स्थिति बनी रही और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पुतले का दाह संस्कार भी किया गया।
युवती के पिता मुनचुन पासवान और दादा राम प्रकाश पासवान ने भावुक होते हुए कहा कि जिस दिन उनकी बेटी ने अपने परिवार को पहचानने से इनकार किया, उसी दिन वह उनके लिए मर चुकी है। उन्होंने कहा कि अब उनका उससे कोई संबंध नहीं है।
इस घटना ने गांव सहित पूरे क्षेत्र में सामाजिक रिश्तों, पारिवारिक मूल्यों और बदलते सामाजिक परिवेश को लेकर नई बहस छेड़ दी है। ग्रामीणों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि परिवार अभी भी इस घटना से गहरे दुख और मानसिक पीड़ा से गुजर रहा है।
.png)




