Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

APP NEWS : गढ़ी मोहनपुर में महाराणा प्रताप जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, कार्यक्रम में कई दिग्गजों ने की शिरकत

   सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

गढ़ी मोहनपुर में महाराणा प्रताप जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, बारिश के बीच भी डटे रहे हजारों लोग

बांका जिले के अमरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सहोड़ा-गढ़ी मोहनपुर इस्तीश ग्राम में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर भव्य एवं विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र के चर्चित राजद नेता सह शिक्षाविद संजय चौहान के नेतृत्व में हुआ, जिसमें भारी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसकेपी, भागलपुर के निदेशक रणविजय सिंह ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह एवं संयोजक लालरतन ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भूमि पूजन के साथ हुई। इस दौरान घोषणा की गई कि आने वाले समय में गांव में महाराणा प्रताप की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनेगी। आयोजन के दौरान अचानक तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, लेकिन इसके बावजूद हजारों की संख्या में मौजूद लोग कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। इस दृश्य ने पूरे माहौल को ऐतिहासिक बना दिया।

देश के चर्चित क्रांतिकारी कवि मोहित शौर्य एवं युवा कवि अपूर्व विक्रम ने अपनी कविताओं के माध्यम से महाराणा प्रताप की वीरता, त्याग और स्वाभिमान को जीवंत कर दिया। राजस्थान से आईं लोक गायिकाएं लीला रत्नू, वर्षा भूरिया तथा दिलीप डानोदिया ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को वीर रस से भर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीआरपीएफ डीआईजी संदीप सिंह, पूर्व सांसद आनंद मोहन, पूर्व सांसद भूदेव चौधरी, भाजपा नेता पप्पू सिंह, शिशुपाल यादव, राजद के पूर्व प्रत्याशी जेड हसन, समाजसेवी अनमोल सिंह सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अतिथि उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए आनंद मोहन ने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे देश के स्वाभिमान और संघर्ष के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक संजय चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि अमरपुर विधानसभा की धरती वीरों, संघर्षशील लोगों और सामाजिक सौहार्द की धरती रही है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र हमेशा अन्याय, भय और विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहा है। उन्होंने लोगों से राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास, शिक्षा, युवाओं के भविष्य और सामाजिक एकता के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें संघर्ष, स्वाभिमान और अपने अधिकारों के लिए डटकर खड़े रहने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रणविजय सिंह ने कहा कि गांव में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना आने वाली पीढ़ियों को इतिहास और बलिदान की प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का त्याग और संघर्ष सदैव अमर रहेगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजक मंडल के रणविजय सिंह, संजय चौहान एवं ऋतुराज सिंह ने सभी ग्रामवासियों, अतिथियों, युवाओं एवं सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारी बारिश और विपरीत मौसम के बावजूद जिस प्रकार लोगों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई, वह क्षेत्र की एकता और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि बिपिन यादव, समाजसेवी अनमोल सिंह, गायक मनीष चौधरी, राजद प्रखंड अध्यक्ष घनश्याम भगत, मृत्युंजय सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अमरपुर निहाल रंजन, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष शंभूगंज विश्वजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |