प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका बिहार
डटवाटी के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 195 लीटर महुआ शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
अमरपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को 195 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की है। इस दौरान एक ऑटो को जब्त करते हुए शराब तस्करी में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान पैरघा गांव निवासी उदय सिंह के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अमरपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ सघन छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में गुरुवार अहले सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के डटवाटी गांव के समीप अवैध शराब की खेप पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
जांच के दौरान एक नीले रंग की ऑटो को आते देखा गया। पुलिस वाहन को देखते ही चालक ऑटो लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर ऑटो में बोरे के अंदर अलग-अलग पॉलीथीन में बांधकर रखी गई 195 लीटर देशी महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही ऑटो को जब्त कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
.png)


