Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

पोखर में डूबने से युवक की हुई थी मौत, गांव में शव आते ही पसरा मातम

    प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

पापहरणी पोखर में डूबने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

बांका जिले के बौंसी स्थित पापहरणी पोखर में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद जहां मृतक के मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसर गया, वहीं मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही युवक का शव उसके पैतृक गांव सलेमपुर पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान सलेमपुर गांव निवासी सुभाष राय के 20 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आशीष सोमवार को अपने बहनोई जयंत कुमार और चचेरे भाई कुंदन कुमार के साथ बौंसी के मंदार पर्वत घूमने गया था। इस दौरान पापहरणी पोखर में स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना के समय पोखर के आसपास कोई गोताखोर मौजूद नहीं था, जिसके कारण युवक कई घंटों तक पानी में डूबा रहा। बाद में जिला मुख्यालय से पहुंचे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शव के गांव पहुंचते ही मृतक के पिता सुभाष राय, मां सुधा देवी, बहन मुस्कान कुमारी, जुली कुमारी तथा भाई प्रिंस कुमार और गोलू कुमार समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।

ग्रामीणों के अनुसार, आशीष मिलनसार और शांत स्वभाव का युवक था। वह अपने पिता के साथ कश्मीर में मजदूरी करता था और करीब एक माह पूर्व ही गांव लौटा था। मंगलवार को भागलपुर के बरारी घाट पर नम आंखों से उसका अंतिम संस्कार किया गया।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |