Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : आपदा से बचाव के लिए जागरूकता रथ को सीओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

   सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

तीन दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू, आपदा से बचाव के लिए गांव-गांव पहुंचेगी टीम

शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में संभावित आपदाओं से बचाव को लेकर प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सोमवार को प्रभारी अंचलाधिकारी कविता कुमारी ने प्रखंड मुख्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर आपदा प्रबंधन टीम को तीन दिवसीय जागरूकता अभियान के लिए रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अगलगी और लू जैसी आपदाओं से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

आपदा प्रबंधन टीम के सदस्य पुरूषोत्तम कुमार ने बताया कि प्रखंड के कुल 19 पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया जाएगा। पहले चरण में परमानंदपुर, मालडीह एवं मिर्जापुर पंचायतों को चयनित किया गया है। इसके बाद अन्य पंचायतों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के पहले दिन सोमवार को टीम ने परमानंदपुर पंचायत के बंधुडीह, ईटवा, टिटहीं, हस्तिनापुर और भूमिहारा समेत करीब 12 गांवों में ई-रिक्शा के माध्यम से भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान ग्रामीणों को अगलगी की घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

टीम ने बताया कि गर्मी के मौसम में तेज पछुआ हवा के कारण आग लगने की घटनाएं अधिक होती हैं, जिससे भारी नुकसान हो सकता है। ऐसे में लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर ज्वलनशील पदार्थ लेकर नहीं चलने की सलाह दी गई। साथ ही जिनके रसोई घर फूस के बने हैं, उन्हें मिट्टी का लेप करने की हिदायत दी गई ताकि आग फैलने का खतरा कम हो सके।

इसके अलावा दिन में भोजन पकाने का समय सुबह नौ बजे से पहले और रात में छह बजे के बाद रखने की सलाह दी गई, जिससे आग लगने की संभावना कम हो। वहीं लू से बचाव के लिए लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, शरीर को ढककर रखने और धूप में निकलने से बचने की अपील की गई।

आपदा प्रबंधन टीम ने ग्रामीणों को आपात स्थिति में क्या करना चाहिए, इसके भी व्यावहारिक तरीके बताए। इस अभियान से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।




Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |