सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो अर्धनिर्मित पिस्टल सहित भारी उपकरण जब्त
बांका : पटना एसटीएम से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर बांका पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धोरैया थाना क्षेत्र के सर्वा गांव में छापेमारी कर एक मिनी हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो अर्धनिर्मित पिस्टल समेत हथियार बनाने में उपयोग होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा के निर्देश पर बौंसी एसडीपीओ इन्द्रजीत बैठा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह छापेमारी की। टीम ने बोधनारायण मंडल के घर को निशाना बनाते हुए वहां तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस को दो अर्धनिर्मित पिस्टल, ग्राइंडर मशीन, पिस्टल के बैरल और बट सहित कई अन्य संदिग्ध उपकरण मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद उपकरणों से यह स्पष्ट होता है कि यहां अवैध रूप से हथियार बनाने का काम किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इससे क्षेत्र में अवैध हथियारों की आपूर्ति पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा।
.png)





