सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
कामतपुर में महारुद्र यज्ञ बना आस्था का केंद्र, श्रद्धालुओं की उमड़ रही भीड़
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के कामतपुर गांव में आयोजित श्री श्री 1008 महा रुद्र यज्ञ इन दिनों आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यज्ञ स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। दूर-दराज के गांवों से लोग यहां पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग ले रहे हैं और पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
इस भव्य महा रुद्र यज्ञ में देवी-देवताओं की कुल 108 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई हैं। विशेष रूप से शिवलोक, ब्रह्मलोक और विष्णुलोक की आकर्षक झांकियां लोगों को काफी प्रभावित कर रही हैं। यज्ञ परिसर में बनाए गए हवन कुंड में प्रतिदिन सुबह और शाम वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन किया जा रहा है, जिसे देखने और हवन कुंड की परिक्रमा करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है।
यज्ञ के दौरान शाम के समय भगवान की कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचन के लिए वृंदावन से आए विद्वान कथावाचक श्रद्धालुओं को धार्मिक प्रसंगों से जोड़ रहे हैं। वहीं रात्रि में भव्य रासलीला का आयोजन किया जा रहा है, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
धार्मिक आयोजन के साथ-साथ मेले जैसा माहौल भी देखने को मिल रहा है। यहां तारामती झूला, नाव झूला, सर्कस सहित कई मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं, जिनका महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भरपूर आनंद ले रहे हैं। खासकर “मौत का कुआं” देखने के लिए लोगों की भीड़ लगातार जुट रही है।
पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जिससे कामतपुर गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
.png)




