कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अफसर हत्याकांड के आरोपी रामधनी यादव के शव को पुलिस ने उसके पुत्री को किया सुपुर्द
भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में सरकारी अफसर की हत्या और चेयरमैन पर हुए जानलेवा हमले के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामधनी यादव को मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। इस दौरान डीएसपी नवीन और दो इंस्पेक्टर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। आईजी खुद मौके पर कैंप कर रहे हैं और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के परिजनों समेत कुल 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि इस हत्याकांड के पीछे की साजिश और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके।
बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद रामधनी यादव का शव पुलिस सुरक्षा में उसकी बेटी प्रियंका कुमारी को सौंप दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सुल्तानगंज क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया है और आम लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड और एनकाउंटर से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे मामले का पर्दाफाश हो सके और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।
.png)




