सूरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
बिहार में सियासी बदलाव: एनडीए के नेता चुने गए सम्राट चौधरी, बुधवार को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद अब राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने सरकार गठन का दावा भी पेश कर दिया है और बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
जानकारी के अनुसार, एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगाई गई। इसके बाद उन्होंने समर्थक विधायकों के साथ राज्यपाल से मिलकर बहुमत का दावा प्रस्तुत किया। गौरतलब हो कि गठबंधन के पास स्पष्ट बहुमत है, जिससे सरकार गठन की राह पूरी तरह साफ हो गई है।
राजनीतिक हलकों में इस फैसले को एक बड़े सियासी घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार नई रणनीति के साथ काम करेगी। सरकार के सामने विकास कार्यों में तेजी लाने, कानून-व्यवस्था सुधारने और रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। वहीं, विपक्ष ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक समीकरणों का परिणाम बताया है। विपक्षी दलों का कहना है कि जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बदलाव किए जा रहे हैं।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की खबर से उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कई जगहों पर जश्न का माहौल है और कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रहे हैं। अब पूरे बिहार की नजरें बुधवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां सम्राट चौधरी औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
.png)


