कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
एनएच-133 पर रफ्तार का कहर: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, 5 घायल, एक की हालत गंभीर
भागलपुर-पीरपैंती से बाराहाट जाने वाली मुख्य सड़क एनएच-133 पर स्थित ओवरब्रिज के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में चल रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में कुल पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में साहेबगंज जिला के सकरीगली निवासी उमेश रविदास के पुत्र पूरन रविदास गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक के पीछे बैठी उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के दौरान पूरन रविदास का जबड़ा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
अन्य घायलों में मो. जहांगीर, मुन्ना मंडल और सुदामा मंडल सहित कुछ अन्य लोग शामिल हैं, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों बाइक काफी तेज रफ्तार में थीं, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठे और सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को उठाकर पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने पूरन रविदास की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों देखने को मिली। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क पर स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
.png)




