प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
रामनवमी, दुर्गा पूजा, छठ व ईद को लेकर अमरपुर थाना में शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
बांका जिले अमरपुर थाना परिसर में बुधवार को आगामी रामनवमी, चैती दुर्गा पूजा, चैती छठ पर्व तथा ईद को लेकर शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने की। इस दौरान बीडीओ प्रतीक राज, पुलिस निरीक्षक रामाशंकर सिंह सहित शहर के गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में बीडीओ प्रतीक राज ने कहा कि चैती दुर्गा पूजा में प्रतिमा स्थापना एवं रामनवमी के जुलूस निकालने के लिए अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि लाइसेंस आवेदन के साथ पूजा समिति के सभी सदस्यों का फोटो, आवश्यक विवरण एवं मोबाइल नंबर जमा करना अनिवार्य रहेगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जा सके।
पुलिस निरीक्षक रामाशंकर सिंह ने सभी लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत थाना को दें, ताकि समय रहते उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के दौरान अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन या रामनवमी जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप कुमार उर्फ पप्पू साह, वार्ड पार्षद पंकज दास, उप प्रमुख महेश मंडल, रेखा देवी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष विमल कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एकता, भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।




