सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना , बिहार
नीतीश कुमार को पहचान दिलाने वाले नेता सतीश कुमार को श्रद्धांजलि, राजनीतिक विरासत को किया याद
पूर्व विधायक सतीश कुमार के निधन के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके राजनीतिक योगदान और व्यक्तित्व को याद करते हुए भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड क्षेत्र से पंचायत समिति सदस्य सुधीर कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग पटना पहुंचकर उनके तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने सतीश कुमार के राजनीतिक जीवन की चर्चा करते हुए उन्हें दूरदर्शी, संघर्षशील और जनहितैषी नेता बताया। पंचायत समिति सदस्य सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि सतीश कुमार उन चुनिंदा नेताओं में थे जिन्होंने बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सतीश कुमार का योगदान केवल एक विधायक तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने कई नेताओं को आगे बढ़ाने का काम किया।
सुधीर कुमार सिंह ने विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि सतीश कुमार वही नेता थे जिन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राजनीति में पहचान दिलाने और उन्हें नेतृत्व की दिशा देने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके मार्गदर्शन और समर्थन के कारण ही कई नेता आज ऊंचे मुकाम पर पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि सतीश कुमार का निधन केवल एक व्यक्ति की क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज और खासकर कुर्मी समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से राजनीति में एक ऐसा शून्य उत्पन्न हो गया है, जिसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा। वे हमेशा समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए काम करते रहे और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ थी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अन्य लोगों ने भी सतीश कुमार के सरल स्वभाव, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया। लोगों ने कहा कि वे हमेशा आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देते थे और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते थे। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




