Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

रेफरल अस्पताल के पास दो बाइकों की टक्कर, दोनों चालक घायल

      प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिर्पोट बांका ,बिहार 

रेफरल अस्पताल के पास दो बाइकों की टक्कर, दोनों चालक घायल

अमरपुर शहर के रेफरल अस्पताल के समीप शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

जानकारी के अनुसार, औड़ैय जानकीपुर गांव निवासी रामपुकार शर्मा अमरपुर बाजार से खरीदारी कर अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रेफरल अस्पताल के पास अचानक सड़क के बीच में एक ई-रिक्शा आ गया। ई-रिक्शा से बचने के प्रयास में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इस टक्कर में रामपुकार शर्मा और दूसरी बाइक के चालक सुधांशु कुमार, निवासी लौंगांय गांव, दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अमित कुमार शर्मा ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर ने बताया कि दुर्घटना में दोनों युवकों के सिर पर गहरी चोट आई है। स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वहीं अस्पताल परिसर के आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि रेफरल अस्पताल के मुख्य गेट के पास अक्सर ई-रिक्शा चालक अपनी गाड़ियों को आड़ी-तिरछी खड़ी कर देते हैं, जिससे सड़क पर जाम और दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद ई-रिक्शा चालकों की मनमानी जारी है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से मांग की है कि अस्पताल गेट के पास ई-रिक्शा के अनियमित खड़े होने पर रोक लगाई जाए तथा दोषी चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |