सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
जमीन विवाद में घर में घुसकर हत्या, बेलहर के नवटोलिया गांव में अपराधियों ने मारी गोली
बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवटोलिया बनगामा गांव में शनिवार की देर रात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवटोलिया गांव निवासी सुरेंद्र प्रसाद शनिवार की रात अपने घर पर थे। इसी दौरान दो अपराधी हथियार से लैस होकर उनके घर में घुस गए। बताया जाता है कि अपराधियों ने सुरेंद्र प्रसाद को निशाना बनाते हुए करीब से गोली चला दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद की पुरानी रंजिश कारण हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही बेलहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है।
इधर, घटना के बाद मृतक के घर में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी इस घटना को लेकर गहरी चिंता जताई है और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
बेलहर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जमीन विवाद सहित अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है तथा अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




