कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने टोटो को मारी टक्कर, चालक की मौत, दो महिलाएं गंभीर
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज मुख्य चौक बाजार के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भागलपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक एम्बुलेंस ने सामने से आ रहे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में टोटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टोटो पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एम्बुलेंस काफी तेज गति से आ रही थी। मुख्य चौक के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने चल रहे टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल सुल्तानगंज पहुंचाया गया।
अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने टोटो चालक मनोज कुमार तांती (42 वर्ष) निवासी मिर्जापुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं टोटो पर सवार दो महिलाएं डिस्को देवी (45 वर्ष) तथा अनिता देवी (46 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों महिलाएं मुंगेर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के इटहरी गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं। घायल महिलाओं का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद एम्बुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एम्बुलेंस को अपने कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक और दुख का माहौल देखा जा रहा है।




