प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
धोरैया–असरगंज फोरलेन परियोजना का भौतिक सत्यापन, प्रशासनिक टीम ने किया स्थलों का निरीक्षण
बांका जिले के धोरैया–असरगंज प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में सोमवार को बांका के अपर समाहर्ता अजीत कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने परियोजना क्षेत्र का भौतिक सत्यापन किया। टीम ने अमरपुर थाना क्षेत्र के इंगलिशमोड़, मादाचक, सिमरपुर सहित कई गांवों का दौरा कर अब तक सड़क निर्माण से संबंधित किए गए कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने सड़क निर्माण के लिए प्रस्तावित जमीन की वास्तविक स्थिति, सीमांकन तथा अभिलेखों का मिलान किया। अधिकारियों ने संबंधित स्थलों पर पहुंचकर भूमि की स्थिति का जायजा लिया और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि परियोजना से संबंधित कागजी प्रक्रिया और जमीनी स्थिति में कोई अंतर न रहे।अपर समाहर्ता अजीत कुमार ने बताया कि धोरैया–असरगंज फोरलेन सड़क परियोजना क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत लगभग 59 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाना है, जिसकी चौड़ाई करीब 12 मीटर निर्धारित की गई है। यह सड़क बनने से बांका सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में इंगलिशमोड़ से लेकर जैठोर पुल तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है। सोमवार को हुए निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि आगे की प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।
अपर समाहर्ता ने कहा कि भौतिक सत्यापन के बाद आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी कर अगली प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे सड़क निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ हो सके।इस मौके पर बीडीओ प्रतीक राज, भू-अर्जन पदाधिकारी, अवर निबंधक मुकेश कुमार सुमन, अंचल अमीन मधुलता, मधु कुमारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक टीम के दौरे से क्षेत्र के लोगों में फोरलेन परियोजना के शीघ्र शुरू होने की उम्मीद जगी है।

